- Advertisement -
HomeRajasthan NewsSikar newsछोटे तालाब में नहाने उतरे चार युवकों में से एक डूबा, ढाई...

छोटे तालाब में नहाने उतरे चार युवकों में से एक डूबा, ढाई घंटे बाद मिला शव

- Advertisement -

सीकर. सरकार तंत्र की लापरवाही शहर के नेहरू पार्क स्थित छोटे तालाब में युवक की मौत का गवाह बन गई। सिविल डिफेंस के ढाई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव तालाब से निकाल लिया गया। शव को बाद में कल्याण अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है, जहां शनिवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। लेकिन युवक की यह मौत जिम्मेदारों की लापरवाही पर बड़ा सवाल है। युवक के साथ तालाब में नहाने उतरे उसके तीन साथियों से पूछा गया तो उनका सीधा सा जवाब था यहां नहाने से कोई नहीं रोकता। उनका साथी पानी में आगे चला गया। इसके बाद वापस नहीं आया। सालासर रोड स्थित छोटे तालाब में हादसा शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। पास ही स्थित स्वामी बस्ती के निवासी रमेश, अजय, लालचंद और महेन्द्र तालाब में नहाने उतरे थे। महेन्द्र नहाते समय आगे चला गया। इसके बाद वह पानी में डूब गया। साथियों ने हो-हल्ला किया और अपने स्तर पर उन्होंने तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सूचना पर सिविल डिफेंस और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ढाई घंटे के प्रयास के बाद महेन्द्र स्वामी (26) का शव तालाब से बाहर निकाल लिया।
परिषद की नहीं है रोक, तालाब में हर दिन नहाते हैं लोगनगर परिषद की ओर से छोटे तालाब और पार्क का जीर्णोद्वार का कार्य करवाया जा रहा है। पिछले दो वर्ष से यह कार्य मंथर गति से चल रहा है। ऐसे में तलाब पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है। स्वामी बस्ती के रमेश, अजय और लालचंद ने बताया कि इस तालाब में बस्ती के बच्चे और बड़े हर दिन नहाने के लिए आते हैं। यहां पर नहाने के लिए कोई रोक नहीं है। खास बात यह है कि महेन्द्र व उसके साथ तालाब में नहाने उतरे तीनों युवाओं को तैरना नहीं आता है। वहीं पार्षद प्रतिनिधि रवि सैनी का कहना है कि इस तालाब का कार्य परिषद ने तीन वर्ष से अटका रखा है। लम्बे समय से कार्य बंद पड़ा है। तालाब में लोगों को नहाने से रोकने के लिए तारबंदी तक नहीं करवाई गई है। जबकि इस संबंध में कई बार परिषद के अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
आर्थिक हालत कमजोर, रंगाई पुताई का करते हैं काम
तालाब में हादसे के शिकार महेन्द्र स्वामी का परिवार बस्ती में रहता है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। परिवार में माता-पिता और छोटा भाई है। महेन्द्र व उसके साथी रंगाई-पुताई का कार्य करते हैं। परिवार के अन्य लोग भी शादी-विवाह में कार्य कर भरण-पोषण करते हैं।
लोगों की जुटी भीड़
तालाब में युवक के डूबने की सूचना पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान उपस्थित लोगों का कहना था कि इस तालाब में डूबने से अब तक सात लोगों की मौत हो गई है। यहां पर सुरक्षा के इंतजाम करने के साथ हादसे के शिकार युवक के परिजनों को सरकारी सहायता दी जानी चाहिए।

- Advertisement -
- Advertisement -
Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
- Advertisement -
Related News
- Advertisement -