- Advertisement -
HomeNewsसीकर नगर परिषद के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण जनता से किए वादे...

सीकर नगर परिषद के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण जनता से किए वादे निभाएगी सरकार -मुख्यमंत्री

- Advertisement -


Aajkal Rajasthan News जयपुर, 12 अक्टूबर।

मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार जनता से किये वादे निभाएगी तथा उनकी हर आकांक्षा और अपेक्षा पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के चहुंमुखी विकास के साथ संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह शासन देना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 
श्री गहलोत शनिवार को सीकर नगरपरिषद के नवनिर्मित भवन ‘श्री कल्याण भवन‘ के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण, नेहरू पार्क के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारम्भ एवं महात्मा गांधी नानी लेक का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि लोगों को जिला मुख्यालय पर हर तरह की सुविधा उपलब्ध हो। इसके लिए हम आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी और सड़क सहित अन्य सुविधाओं के विकास के लिए सरकार किसी तरह की कमी नहीं रखेगी। जनता ने हमारी सरकार पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास को हम कायम रखेंगे।
श्री गहलोत ने कहा कि हमने इस वर्ष शानदार बजट पेश किया है, जिसमें बिना भेदभाव सभी वर्गों का पूरा ख्याल रखा है। उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 50 नए कॉलेजों की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने बिना बजट प्रावधान के ही कई घोषणाएं कर दी थीं, जो धरातल पर नहीं उतर सकीं। हमारी पिछली सरकार में हमने सीकर में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी, लेकिन पिछली सरकार इस कॉलेज को चूरू ले गई। अब हमारी सरकार ने फिर सीकर में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत करवाया है, इसका शिलान्यास शीघ्र करवाया जाएगा। यहां की वर्षों पुरानी विश्वविद्यालय की मांग भी हमारी सरकार ने पूरी की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की पेयजल समस्या से राज्य सरकार वाकिफ है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चण्डीगढ़ में हुई दो उच्च स्तरीय बैठकों में इस विषय पर गंभीरता के साथ चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि नवलगढ़ रोड पर बारिश के पानी के निकासी की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर बना ली गई है।

श्री गहलोत ने कहा कि आज देश में अर्थव्यवस्था और समरसता दोनों की स्थिति चिंताजनक है, लेकिन यह गर्व की बात है कि पं. नेहरू और स्व. इंदिरा गांधी जैसे महान नेताओं के कारण आज भी हमारे में देश में लोकतंत्र जिंदा है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय देश में अधिकार आधारित युग की शुरूआत हुई। जनता को शिक्षा , सूचना, खाद्य सुरक्षा और मनरेगा के रूप में रोजगार का अधिकार मिला। 
नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि हमारी पिछली सरकार में सीकर का अभूतपूर्व विकास हुआ। आगे भी सीकर के विकास में सरकार किसी तरह की कमी नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के हालात चिंताजनक है। कृषि और व्यापार सहित अन्य क्षेत्रों में भारी मंदी से लोग त्रस्त हैं।
शिक्षा राज्यमंत्री श्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सीकर के विकास में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का विशेष योगदान है। उन्होंने इस जिले को मेडिकल कॉलेज दिया, विश्वविद्यालय दिया और अच्छी सड़कें दीं। 


विधायक श्री राजेन्द्र पारीक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत के प्रयासों से ही सीकर में राजीव गांधी स्मृति वन बन सका। उन्होंने सीकर में विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मूर्त रूप दिया। पूर्व मंत्री श्री घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि राजस्थान की राजनीतिक संस्कृति सद्भाव की है और मुख्यमंत्री श्री गहलोत इसके प्रतीक हैं।
समारोह को विधायक श्री महादेव सिंह खण्डेला, श्री हाकम अली खां, श्री वीरेन्द्र सिंह एवं नगर परिषद के सभापति श्री जीवण खां ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक श्री परसराम मोरदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

- Advertisement -
- Advertisement -
Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
- Advertisement -
Related News
- Advertisement -