आजकल राजस्थान /जयपुर।
लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की बड़ी करारी हार के बाद राजस्थान की राजनीति में भूचाल आया हुआ है। चुनाव में हार के बाद राज्य सरकार में कृषि मंत्री लालचन्द कटारिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके विधानसभा क्षेत्र जयपुर ग्रामीण से कांग्रेस को एक लाख से ज्यादा वोट से हार का सामना करना पड़ा था।
माना जा रहा है कि उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री गहलोत को सौंपा है। गहलोत इस्तीफा लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। सोमवार को राहुल गांधी से मुलाकात में गहलोत इस मामले पर भी व्यक्तिगत रूप से चर्चा करेंगे। जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कृष्णा पूनिया कांग्रेस की प्रत्याशी थीं। यहां भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विजय हासिल की थी। सूत्रों के अनुसार कटारिया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में अभी और फेरबदल होने की संभावना भी है।सूत्रों के अनुसार अभी कई और मंत्रियों के भी इस्तीफे की पेशकश करने की सम्भावना है।
राजस्थान में करारी हार पर आज मंथन
कांग्रेस सोमवार से सभी प्रदेशों में हुई करारी हार की समीक्षा कर कार्रवाई करेगी। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने सभी राज्यों के नेताओं के साथ व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर हार की समीक्षा का निर्णय किया है। सभी राज्यों के सीएम, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्षों को दिल्ली तलब किया है। अशोक गहलोत भी रविवार शाम दिल्ली पहुंच गए। वे कांग्रेस कार्यसमिति बैठक में शामिल होकर शनिवार शाम को ही जयपुर गए थे।
राजस्थान की हार पर राहुल काफी गम्भीर हैं। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी शामिल होंगे। इनके अलावा प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे, सचिव विवेक बंसल, तरुण कुमार और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल बैठक में शामिल होंगे। बैठक में प्रत्याशियों की ओर से दिए फीडबैक और संगठन की रिपोर्ट पर चर्चा होगी और हार के असली कारणों का पता लगाया जाएगा। इसके साथ ही ये भी बताया जा रहा है कि हार के जिम्मेदार जो भी नेता होंगे उनपर कार्रवाई भी की जाएगी। दरअसल, कांग्रेस कार्यसमिति ने राहुल को कड़े फैसले लेने का प्रस्ताव पारित किया है। इसके चलते राजस्थान में कई दिग्गज नेताओं पर इसकी आंच आना तय माना जा रहा है।इसकी जद में कोई भी नेेेता या मंत्री ,मुख्यमंत्री तक आ सकते हैं।