आजकलराजस्थान / पाली
पालीशहर के सूरजपोल इलाके में मंगलवार सुबह 22 वर्षीया विवाहिता प्रियंका का शव उसके ससुराल में फंदे पर लटकता मिला। मृतका के ससुराल पक्ष का कहना था रात को उसने फांसी लगा आत्महत्या कर ली, मगर मृतका के पिता व पीहर पक्ष का आरोप है कि पति, सास-ससुर व ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रियंका की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की मंशा से शव फंदे पर लटका दिया।
मृतका के पिता का आरोप है कि सोमवार रात बेटी ने रोते हुए फोन पर कहा था कि यह लोग उससे मारपीट कर रहे हैं। उसने कहा था कि वे 2 लाख रुपए नकद व बाइक की डिमांड कर रहे हैं और ऐसा नहीं करने पर पिछले काफी समय से उसके साथ मारपीट कर प्रताड़ित कर रहे हैं। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने रात को फोन पर कहा था कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी हत्या कर सकते हैं।
घटना की सूचना पाकर एसडीएम रोहिताश्वसिंह ताेमर व कोतवाली थाना प्रभारी गंगाराम खावा मौके पर पहुंचे और जोधपुर से मृतका के पिता व पीहर पक्ष को बुलाकर शव उतार मोर्चरी में रखवाया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पीहर पक्ष के लोग जोधपुर चले गए, जहां दोपहर बाद प्रियंका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ढाई साल पहले ही हुई थी प्रियंका की शादी
पुलिस के अनुसार जोधपुर के भदवासिया इलाके में रविदास नगर निवासी गौतमचंद रेगर ने अपनी बड़ी बेटी प्रियंका की शादी 24 नवंबर 16 को पाली में सूरजपोल के रेगर मोहल्ला निवासी प्रकाश नवल पुत्र चिमनलाल के साथ की थी। मृतका का पति पाली में नहर पुलिए के पास कम्प्यूटर की दुकान चलाता है। मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के बाद से और अधिक दहेज की मांग पर ससुराल पक्ष के लोग उसकी बेटी से मारपीट करते थे, लेकिन वह परिवार की मान मर्यादा से चुप रही। सोमवार रात 8.15 बजे प्रियंका ने फोन कर मारपीट व दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर अपनी हत्या की आशंका जताई थी। उसके बाद उसका फोन बंद हो गया था। मंगलवार सुबह 6.30 बजे मृतका के चाचा ससुर ने फोन कर उनको बताया कि प्रियंका का शव फंदे पर लटक रहा है।उसने आत्महत्या कर ली है।
मजबूर पिता बोला…मैं मजदूरी करता हूं, 2 लाख व बाइक कहां से लाऊं?मैं जोधपुर में मकानों को पेंट करने की मजदूरी करता हूं। बड़ी बेटी प्रियंका की शादी में सामर्थ्य से ज्यादा खर्च किया और सामान भी दिया। मेरी दो बेटियां और हैं, जिनकी भी शादी करनी है। प्रियंका के ससुराल पक्ष के लोग 2 लाख रुपए व बाइक की डिमांड कर रहे थे, मैं उनकी डिमांड कैसे पूरी करता। बेटी ने रात को रोते हुए मारपीट करने तथा उसकी हत्या करने की बात कही थी। दहेज के लोभियों ने हत्या कर मेरी बेटी का शव फंदे पर लटका आत्महत्या का रूप दिया। उनको सजा दिलवा कर रहूंगा, ताकि और किसी बेटी की जान नहीं जाए। -गौतमचंद, मृतका का पिता